प्रतापगढ़ में 325 ग्राम प्रहरियों को मिली साइकिल और सुरक्षा किट*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, विधायकों ने की सराहना*
प्रतापगढ़। पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम प्रहरियों को साइकिल एवं आवश्यक सामग्री से युक्त किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बरेली से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी क्रम में प्रतापगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 325 ग्राम प्रहरियों को साइकिल और किट प्रदान की गई, जिससे उन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन तथा गांवों में आवागमन करने में सुविधा मिल सके।कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को सुना और ग्राम प्रहरियों को साइकिल एवं किट उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। विधायक ने कहा कि शारदीय नवरात्र के तृतीय दिवस पर ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना स्वागत योग्य कदम है। इससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक सुगमता से कर सकेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम प्रहरियों के वेतन में वृद्धि करने के साथ ही उनकी चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत की पहली कड़ी गांव हैं। गांवों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की सराहनीय पहल है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने में ग्राम प्रहरी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्हें साइकिल और आवश्यक सामग्री मिलने से कार्य करने में सहूलियत होगी और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


