*27 जुलाई को जौनपुर आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल*
*दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम*
*******************
*अरुण जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए जौनपुर आएंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राज्यपाल इस बार ट्रेन से जौनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। यहां से वह स्टाफ कार के जरिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगी। रेलवे स्टेशन से विश्वविद्यालय तक के पूरे मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सेक्टर और जोनल योजना के तहत व्यवस्थित किया गया है। पूरे रूट पर राजपत्रित अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिले के पुलिस बल के साथ अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल एवं राजपत्रित अधिकारियों को भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रस्तावित यात्रा मार्ग का ड्रोन और पुलिस टीम द्वारा भौतिक सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
राज्यपाल का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। आम नागरिकों को समय से वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
