*फसल क्रॉप सर्वे अभियान शुरू, खेत-खेत पहुंचकर हो रहा फसलों का सत्यापन*
*******************
*विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सौंपी गई सर्वे की जिम्मेदारी, ऑनलाइन दर्ज हो रही किसान और फसल की जानकारी*
*******************
*संबाद: शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर/ सिगरामऊक्षेत्र में फसल क्रॉप सर्वे अभियान शुरू हो गया है। सरकार की मंशा के अनुरूप खेतों में बोई गई फसलों का सत्यापन विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। सर्वे के दौरान खेत में बोई गई फसल के साथ किसान का नाम और संबंधित गाटे की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है।
इस अभियान में राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ ग्राम रोजगार सेवकों को भी सर्वे की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में जमऊपट्टी ग्राम पंचायत के राजस्व गांव हरसिंग पट्टी में ग्राम रोजगार सेवक पंकज सिंह द्वारा खेत-खेत पहुंचकर क्रॉप सर्वे का कार्य किया जा रहा है।
ग्राम रोजगार सेवक पंकज सिंह ने बताया कि अब तक उनके द्वारा करीब 100 गाटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। सर्वे के दौरान प्रत्येक खेत में जाकर यह देखा जा रहा है कि संबंधित खेत में कौन सी फसल बोई गई है। इसके बाद किसान का नाम और बोई गई फसल का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है, जिससे फसलों का वास्तविक आंकड़ा तैयार किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कम बारिश के कारण धान की रोपाई अपेक्षाकृत कम हुई है। वहीं मोटे अनाज की श्रेणी में आने वाली मक्का और बाजरा जैसी फसलों की बुवाई भी कम मात्रा में हुई है। हालांकि, अन्य ग्राम पंचायतों की अपेक्षा हरसिंग पट्टी में धान की फसल की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है।
पंकज सिंह ने बताया कि प्रत्येक खेत तक पहुंचकर सर्वे करना आसान कार्य नहीं है। खेतों और मेड़ों के आसपास जगह-जगह घास उगी होने के बावजूद वह लंबे जूते पहनकर खेतों की मेड़ तक पहुंच रहे हैं और मौके पर फसल का सत्यापन कर रहे हैं। उनका कहना है कि सर्वे में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और खेत में वास्तविक रूप से बोई गई फसल का सही विवरण ऑनलाइन दर्ज हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
क्रॉप सर्वे के माध्यम से तैयार होने वाले आंकड़ों से क्षेत्र में विभिन्न फसलों के वास्तविक रकबे और किसानों की फसल संबंधी स्थिति की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी।
