महिला अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही पर डीएम सख्त

*महिला अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही पर डीएम सख्त*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जन आरोग्य केंद्र का कार्यालय अव्यवस्थित मिला, जबकि परिसर में कई स्थानों पर गंदगी और पान की पीक देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट बंद मिलने पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए। एमसीएच वार्ड में गंदी बेडशीट और खुला विद्युत बोर्ड मिलने को उन्होंने गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। मरीजों से बातचीत कर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली तथा मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में फायर अलार्म प्रणाली, मरीज पंजीकरण व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई और स्ट्रेचर की स्वच्छता भी संतोषजनक नहीं मिली। स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल में सफाई का कार्य देख रही संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण में मिली सभी कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!