*जमऊपट्टी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान*
*घर-घर पहुंच रहा स्वास्थ्य विभाग, सात सूत्रीय संदेश से किया जा रहा जागरूक*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सिगरा मऊ एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत एएनएम, आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बैनर-पोस्टर के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं तथा आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमऊपट्टी पर तैनात एएनएम मीरा यादव, बदलापुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पांडे के निर्देशन एवं सुपरवाइजर डॉ. मयंक चौरसिया के नेतृत्व में लगातार विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चला रही हैं। अभियान के दौरान आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ग्रामीणों को संचारी रोगों की रोकथाम के उपाय बताए जा रहे हैं।
शनिवार को महमूदपुर ग्राम पंचायत में आशा कार्यकर्ता ब्रह्मा देवी एवं आशा संगिनी सावित्री देवी के सहयोग से पूरे गांव में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित सात प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी गई, जिनका पालन कर संचारी एवं जानलेवा बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे निम्नलिखित सात बातों का विशेष रूप से पालन करें—
1. बच्चों का मस्तिष्क ज्वर (जेई) का टीकाकरण समय पर कराएं।
2. घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
3. पीने के पानी को हमेशा ढककर रखें।
4. पूरे शरीर को ढकने वाले, विशेषकर फुल आस्तीन के कपड़े पहनें।
5. घर एवं आसपास जलभराव न होने दें।
6. कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान दें और उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं।
7. व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करें।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “7 का वार, संचारी रोगों की होगी हार” रखी गई है। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
