*रामपुर खुर्द में करंट से भैंस की मौत, गरीब परिवार की रोजी-रोटी पर संकट*
*********************
*संवाद:माता चरण पांडे*
जंघई (जौनपुर)। मीरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में शनिवार को करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। इस हादसे से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनारकली पत्नी अचर्जू प्रसाद यादव के दरवाजे पर बंधी भैंस अचानक रस्सी तोड़कर खेत की ओर भागी। खेत के किनारे लगे विद्युत पोल में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही गिरकर मर गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस पोल में कई दिनों से करंट उतर रहा था। इसकी शिकायत विभाग से की गई थी, लेकिन लापरवाही के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना से पीड़ित परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि मृत भैंस ही उनके जीविकोपार्जन का मुख्य साधन थी।
इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई है और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
