*प्रतापगढ़ : बदहाल रास्ते ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें, प्रसूता को खाट पर उठाकर सड़क तक ले जाने को मजबूर हुए परिजन*
*नगर पंचायत ढकवा वार्ड 8 ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन और खुद फावड़ा उठाकर रास्ता समतल करने पर हुए मजबूर*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा के वार्ड संख्या 8 में बदहाल रास्ते को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो माह पूर्व लगभग 290 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण के बाद रास्ते को समतल किए बिना ही ठेकेदार काम छोड़कर चला गया। ग्रामीणों के अनुसार यह गांव से फोरलेन तक जाने वाला मुख्य मार्ग है।
बरसात के कारण रास्ते की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत और प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार उनके प्रार्थना पत्रों को फाड़कर फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में रात के समय एक गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। रास्ते पर वाहन न पहुंच पाने के कारण परिजनों को प्रसूता को खाट (चारपाई) पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा,
जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों का कहना है कि बदहाल रास्ते के कारण स्कूली बच्चों का विद्यालय जाना भी प्रभावित हो रहा है। वाहन घर तक नहीं पहुंच पाते, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। नगर पंचायत प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया अंततः परेशान होकर ग्रामीण स्वयं फावड़ा लेकर सड़क को समतल करने में जुट गए और जल्द स्थायी समाधान का मांग किया। इस संबंध में *नगर पंचायत ढकवा ईओ अनुराग सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है कल तक आदमी भेज कर उसको समतलीकरण कर दिया जाएगा।*
