*जौनपुर में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती*
*एनसीओआरडी समिति की बैठक में डीएम के कड़े निर्देश*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर जनपद में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में एन-कार्ड (एनसीओआरडी) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नशीली दवाओं की दोहरी बिक्री (डबल सेल) पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंडित किया जाना आवश्यक है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने विद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों और दुकानों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्कूल-कॉलेजों के समीप किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं अथवा प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री न हो।
इसके लिए औषधि निरीक्षक, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं और छात्रों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सतर्कता, सख्त प्रवर्तन और व्यापक जनजागरूकता—इन तीनों बिंदुओं पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग, औषधि प्रशासन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
