सीडीओ ने लंभुआ के नवनिर्मित निबंधन कार्यालय का किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा रजिस्ट्री कार्यालय का संचालन

*सीडीओ ने लंभुआ के नवनिर्मित निबंधन कार्यालय का किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा रजिस्ट्री कार्यालय का संचालन*

*भवन की गुणवत्ता पर जताई संतुष्टि, हस्तांतरण प्रक्रिया तेज कर शीघ्र संचालन के दिए निर्देश*

दधीच विश्वकर्मा

लंभुआ (सुल्तानपुर)।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विनय कुमार सिंह ने शनिवार को तहसील दिवस की कार्यवाही के उपरांत लंभुआ तहसील के पूर्वी गेट के सामने स्थित नवनिर्मित निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की गुणवत्ता, निर्माण कार्य और उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को भवन का हस्तांतरण शीघ्र कर नए भवन से रजिस्ट्री कार्यालय का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए।

करीब दोपहर दो बजे पहुंचे सीडीओ ने भवन के विभिन्न कक्षों, अभिलेख कक्ष, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा, खिड़की-दरवाजे, टाइल्स, रंगाई-पुताई तथा बाउंड्रीवाल सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर भवन निबंधन विभाग को हस्तांतरित किया जाए।

सीडीओ ने कहा कि नए भवन से रजिस्ट्री कार्यालय का संचालन शुरू होने पर क्षेत्र के किसानों, अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह महत्वपूर्ण मांग भी पूरी होगी।

तहसीलदार प्रांजल तिवारी ने बताया कि सीडीओ भवन की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्य से संतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को हस्तांतरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर जल्द से जल्द निबंधन कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रीति जैन, तहसीलदार प्रांजल तिवारी, नायब तहसीलदार अभय राज पाल, सुपरवाइजर सत्यम सिंह सहित अधिवक्ता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!