*जौनपुर के प्राचीन विजेश्वर महावीर मंदिर से 35 किलो का पीतल का घंटा चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात*
*******************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर/ मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकीखुर्द गांव स्थित प्राचीन विजेश्वर महावीर मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने सेंध लगाकर करीब 35 किलोग्राम वजनी पीतल का घंटा चोरी कर लिया। इस घटना ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले कटर की मदद से घंटे की लोहे की जंजीर काटी और फिर भारी-भरकम घंटा लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह जब श्रद्धालु और ग्रामीण नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो घंटा गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने मीरगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस ने जांच के लिए डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी कब्जे में लिया है, ताकि घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें।
मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि प्राचीन एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर चोरी गए घंटे की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
