*भाजपा नेता को फेसबुक मैसेंजर पर जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज*
सिकरारा (जौनपुर)
सैदपुर गांव निवासी भाजपा नेता अजय कुमार मिश्र को फेसबुक मैसेंजर पर लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता ने गुरुवार को थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि 24 जनवरी को उनके ऊपर हुए जानलेवा हमले के आरोपित विवेक मिश्र उर्फ ‘बमबम’ के चाचा बालिस्टर मिश्र द्वारा 8 जुलाई को सोशल मीडिया फेसबुक के मैसेंजर के माध्यम से लगातार गाली-गलौज की जा रही है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि धमकी के कारण वह और उसका परिवार अत्यंत भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दैनिक जागरण से बातचीत के दौरान थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
