सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भारी भीड़

*सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भारी भीड़*

 

*सुहागिन महिलाओं व कुंवारी कन्याओं ने किया जलाभिषेक, भगवान शिव को अर्पित कीं प्रिय वस्तुएं*

*******************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राजघराने के गौरी शंकर मंदिर, चंदापुर स्थित गौरी शंकर धाम तथा सिगरामऊ के बाबा गूदरनाथ स्वयंभू महादेव मंदिर, फिरोजपुर, तुलापुर के राम कुबेर सेठ शिव मंदिर तथा राम कुबेर पुजारी द्वारा निर्मित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया और जलाभिषेक किया।

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से व्रत रखा, जबकि कुंवारी कन्याओं ने मनोकामना पूर्ति एवं मनचाहा वर प्राप्त करने की कामना से भगवान शिव की आराधना की।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, दही, घी, मधु, अक्षत, बेलपत्र, भांग और धतूरा सहित उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित कर पूजा-अर्चना की। कई महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखने का संकल्प लिया। मंदिरों में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

वहीं, पिछले सोमवार से लगातार व्रत कर रहीं कुंवारी कन्याओं के पांच सोमवार के व्रत का भी आज समापन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव का विशेष पूजन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

 

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़ ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!