*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में वायरल फीवर के मरीजों में काफी वृद्धि*
*सिगरामऊ-जमऊपट्टी में 190 मरीजों का उपचार, जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का एच. ई .ओ. राकेश कुमार ने किया औचक निरीक्षण*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/जमऊपट्टी। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ और जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। दोनों केंद्रों पर कुल 190 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक रही।
सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडेय और फार्मासिस्ट डॉ. श्रीराम यादव ने मरीजों की जांच व उपचार किया। यहां 173 मरीजों की ओपीडी दर्ज हुई। वहीं, जमऊपट्टी में डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. दिनेश यादव और एएनएम मीरा यादव ने 17 मरीजों को चिकित्सीय सुविधा दी।
डॉ. अभिषेक वर्मा ने बताया कि इन दिनों वायरल बुखार व सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं। आवश्यक जांच के बाद मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर बुखार के मरीजों को विडाल टेस्ट की सलाह भी दी जा रही है।
जमऊपट्टी में स्थायी चिकित्सक की मांग
ग्रामीणों ने जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की। उनका कहना है कि रविवार के स्वास्थ्य मेले के अलावा अन्य दिनों में चिकित्सीय सुविधा नहीं मिलने से परेशानी होती है और दूर स्थित अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
इस दौरान एचईओ डॉ. राकेश कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमऊपट्टी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर मौजूद मिले। ग्रामीणों ने उनसे नियमित चिकित्सक और पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था की मांग की।
