*डीएम ने बीईओ को रोज 5 स्कूलों के निरीक्षण के दिए निर्देश, शिक्षा गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास की समीक्षा की गई।
डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को प्रतिदिन कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्याह्न भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्याह्न भोजन के साथ मौसमी फल उपलब्ध कराने, ड्रॉपआउट कम करने और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल नहीं है, उनकी सूची भी मांगी गई।
उन्होंने बीईओ और एआरपी से विद्यालय भ्रमण व शिक्षा गुणवत्ता सुधार के प्रयासों की जानकारी लेते हुए शिक्षकों से बच्चों के प्रेरणा स्रोत बनने का आह्वान किया। बैठक में नैतिक शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि पढ़ाई के समय किसी भी प्रकार की बैठक न हो। बच्चों को गुड टच-बैड टच, फायर सेफ्टी, सड़क सुरक्षा, अजनबियों से सतर्क रहने तथा किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही विद्यालयों में खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, जर्जर भवनों में पठन-पाठन न कराने और जलभराव रोकने के लिए समुचित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
