प्रतापपुर कमैचा में दिव्यांगजन विशेष शिविर आयोजित, 25 से अधिक लाभार्थियों का हुआ पंजीकरण
चांदा, सुल्तानपुर।दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड प्रतापपुर कमैचा परिसर में दिव्यांगजन विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरणों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा। शिविर में विभागीय अधिकारियों एवं चिकित्सकीय टीम द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। इस दौरान कुल 25 से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 13 ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 1 स्मार्ट केन तथा 4 बैसाखियों के लिए आवेदन प्राप्त हुए। वहीं 5 पात्र लाभार्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। शिविर में उपस्थित दिव्यांगजनों को शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, राज्य चिकित्सीय सहायता योजना, दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (पेंशन) योजना तथा यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सुविधाओं एवं आवेदन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर चिकित्सा टीम के सदस्य डॉ. दिनेश यादव, डॉ. अमित राव (नेत्र सर्जन), दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कनिष्ठ सहायक पुनीत कुमार रावत, सहायक विकास अधिकारी पंकज कन्नौजिया, रामकेवल वर्मा सहित विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायक उपकरण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
