मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 93 मरीजों का हुआ उपचार, पेट संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी

*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 93 मरीजों का हुआ उपचार, पेट संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी*

संवाद:शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ/जौनपुर। सरकार की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 93 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।

 

सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 84 मरीजों का उपचार किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा की देखरेख में वृद्धजनों एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई। महिला चिकित्सक डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं डॉ. श्रुति पांडे ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी।

 

वहीं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. दिनेश यादव, एएनएम मीरा यादव एवं मोने अली की टीम ने 9 मरीजों की ओपीडी कर उनका उपचार किया तथा आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।

 

चिकित्सकों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण डायरिया, पेट संक्रमण, हीट स्ट्रोक और वायरल बुखार के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा बासी एवं तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। साथ ही बीपी, शुगर, बच्चों, वृद्धजनों एवं गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई।

 

डॉ. अभिषेक प्रजापति ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को दवा लेने से पहले ओआरएस घोल का सेवन करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर पर भी नमक, चीनी और स्वच्छ पानी का संतुलित घोल बनाकर समय-समय पर सेवन करें, जिससे गर्मी जनित बीमारियों से बचाव संभव हो सके।

 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं डॉ. श्रुति पांडे ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं की जानकारी दी तथा नियमित योगाभ्यास के लाभों से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *