जमीन के लालच में जीजा की गला दबाकर हत्या, तालाब में फेंका शव

*जमीन के लालच में जीजा की गला दबाकर हत्या, तालाब में फेंका शव*

*शाकिब हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, सगा साला समेत चार गिरफ्तार; 48 लाख में जमीन बेचने का हुआ था सौदा*

संवाददाता दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी गांव में युवक मोहम्मद शाकिब की हत्या के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जमीन के लालच में मृतक के साले और उसके साथियों ने शाकिब की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जल निगम के तालाब में फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने मृतक के सगे साले समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से घटना का सफल अनावरण करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना दो अगस्त की रात की है। करीब 25 वर्षीय मोहम्मद शाकिब अपने ननिहाल ग्राम लोलेपुर चौहानी में बचपन से रह रहा था। रात में वह किसी काम से घर से बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उसका शव पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे।

मृतक के पिता सहबान पुत्र जस्सम अली निवासी फरीदीपुर, थाना गोसाईगंज की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

 *चार टीमों ने शुरू की जांच*

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया था। एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली नगर पुलिस की टीमों ने सुरागरसी-पतारसी, मुखबिर तंत्र और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जमीन और उसके आर्थिक लेनदेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, शाकिब की नानी ने उसे पक्का मकान और हाईवे किनारे करीब पांच बिस्वा जमीन दी थी। यह जमीन लखनऊ-वाराणसी हाईवे के पास थी।

48 लाख रुपये में जमीन बेचने का हुआ था सौदा

पुलिस के अनुसार, शाकिब ने पांच बिस्वा जमीन को भुल्की निवासी जहीनुद्दीन को 48 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था। सौदे के तहत उसे दो लाख रुपये एडवांस भी मिल चुके थे। शेष रकम बैनामा होने के बाद मिलनी थी। इस रकम के लिए उसने नया बैंक खाता खुलवाया था और अपने मामा इलियास के बेटे अदीब अनवर उर्फ गोलू को खाते में नॉमिनी बनाया था।

पुलिस का दावा है कि जमीन बेचने और रकम मिलने की जानकारी शाकिब की पत्नी शब्बो को हुई तो उसने यह बात अपने भाइयों को बता दी। इसके बाद आरोपियों को आशंका हुई कि जमीन की रकम शाकिब शराब और अन्य कामों में खर्च कर देगा और उनकी बहन को उसका लाभ नहीं मिलेगा।

 

 *साले ने दोस्तों के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश* 

पुलिस के मुताबिक, इसी लालच में मृतक के साले सलमानुल हक उर्फ सलमान ने अपने साथियों के साथ शाकिब को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि योजना के तहत मृतक के दोस्त सलमान अहमद ने उसे अपने साथ लिया और शराब पिलाई।

इसके बाद उसे गांव से बाहर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद मो. हुसैन, मो. जीशान और सलमानुल हक उर्फ सलमान के साथ मिलकर कथित तौर पर दुपट्टे से उसका गला दबा दिया गया। मौत के बाद शव को पास स्थित जल निगम के तालाब में फेंक दिया गया।

 

 *महुए की बाग से दबोचे गए चारों आरोपी* 

पुलिस के अनुसार, आठ अगस्त को कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र पुलिस टीम के साथ राहुल चौराहा क्षेत्र में आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क पर विनोबापुरी के सामने महुए की बाग में बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!