*जौनपुर: विवाह के बाद दहेज की मांग का आरोप, पीड़िता ने सिगरामऊ थाने में लगाई न्याय की गुहार*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। जिले के सिगरामऊ थाना क्षेत्र के साढ़ापुर गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में सिगरामऊ थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि सुजानगंज थाना क्षेत्र के चेती रामनगर निवासी संदीप, पुत्र झल्लर, उसे उसकी मर्जी से दिल्ली ले गया, जहां एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह हुआ। महिला का कहना है कि विवाह के शुरुआती कुछ दिनों के बाद दोनों करीब डेढ़ माह तक दिल्ली में पति-पत्नी के रूप में साथ रहे। इसके बाद वह अपने पति के साथ उसके पैतृक गांव चेती रामनगर चली गई।
महिला ने बताया कि वह समय-समय पर अपने मायके सिगरामऊ थाना क्षेत्र के साढ़ापुर गांव तथा अपने मामा के घर आती-जाती रहती थी। आरोप है कि करीब आठ-नौ माह पहले उसके पति ने दहेज में एक लाख रुपये और एक चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और कहा गया कि दहेज मिलने पर ही उसे अपने साथ रखा जाएगा। इतना ही नहीं, किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
लगातार कथित उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने सिगरामऊ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय दिलाने की मांग की है।
सिगरा मऊ थाना प्रभारी अखिलेश मोरिया ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है,मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
