*दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड: मुख्य आरोपियों को शरण देने वाले छह गिरफ्तार*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन व्यक्तियों ने हत्या के मुख्य आरोपियों को संरक्षण दिया और पुलिस कार्रवाई के दौरान उन्हें फरार होने में मदद की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनोज कुमार राजभर, शरद उर्फ सनोज, राकेश राजभर, सुभाष राजभर, सर्वेश राजभर और वीरेंद्र राजभर शामिल हैं। सभी आरोपियों को थाना क्षेत्र के नौली गांव से गिरफ्तार किया गया। ये सभी खेतासराय थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 91/2026 में वांछित चल रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने 3 मई 2026 को हुए दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य अभियुक्तों को शरण दी थी। इतना ही नहीं, जब पुलिस टीम मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची, तब इन लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और आरोपियों को मौके से भागने में सहयोग किया।
पुलिस ने बताया कि विवेचना में इनकी भूमिका सामने आने के बाद सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। अभियान में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय सहित खेतासराय थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
