*जौनपुर: आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा ने 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, मांगें पूरी न होने पर हड़ताल की चेतावनी*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर में आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिलाध्यक्ष मीना देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, लेकिन इन्हीं योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अब भी अपने मूल अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं।
जिलाध्यक्ष मीना देवी ने बताया कि प्रदेश की आधे से अधिक कार्यकत्रियां समय से पहले ही बीमार और शारीरिक रूप से कमजोर हो चुकी हैं। आर्थिक तंगी के कारण वे समुचित इलाज भी नहीं करा पा रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी, कुपोषण और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों ने उनकी स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन ने वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रखा है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। 8 मार्च, महिला दिवस के अवसर पर हुए प्रदर्शन के दौरान सरकार ने वार्ता कर जल्द समाधान का भरोसा दिया था।
संगठन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि 30 अप्रैल तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। अब समयसीमा समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
