जौनपुर में कांग्रेस नेताओं को नजरबंद, वाराणसी रैली से पहले पुलिस की कार्रवाई

*जौनपुर में कांग्रेस नेताओं को नजरबंद, वाराणसी रैली से पहले पुलिस की कार्रवाई*

********************

*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी रैली से पहले जौनपुर में कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके घरों में नजरबंद कर दिया। प्रशासन ने यह कदम संभावित विरोध प्रदर्शनों की आशंका को देखते हुए उठाया है।

 

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह को सुजानगंज स्थित उनके आवास पर देर रात पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वहीं खुटहन क्षेत्र में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा को भी उनके घर पर ही रोक दिया गया।

 

इसके अलावा शहर अध्यक्ष आरिफ खान, प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, प्रदेश सचिव पंकज सोनकर और कांग्रेस नेता जयमंगल यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी एहतियातन नजरबंद किया गया। पुलिस ने इरशाद खान राजू, शेर बहादुर सिंह और विनय मिश्रा को भी हिरासत में लिया है।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे संविधान की भावना कमजोर होती है। उन्होंने इसे ब्रिटिश शासन जैसी कार्रवाई बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

 

डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकारें पुलिस का इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।

 

पुलिस और प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *