*कनावा नहर पुलिया के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
संवाद: माताचरण पांडे*
जौनपुर/ मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में कनावा नहर की पुलिया के नीचे मंगलवार रात एक 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान जटाशंकर सरोज (40) पुत्र अमरनाथ सरोज, निवासी बिठौली, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई।
बताया गया कि जटाशंकर सरोज 26 अप्रैल को मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में अपनी बहन के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। मृतक के भांजे अजीत कुमार सरोज के अनुसार, वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद देर रात उनका शव नहर में मिलने की सूचना मिली। घटना की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
