*चांदा थाना समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी गईं समस्याएं*
*राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के दिए गए निर्देश*
दधीच विश्वकर्मा
चांदा (सुलतानपुर)। चांदा थाने में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने की। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक फरियादी की बात सुनने के बाद मामले की प्रकृति के अनुसार संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी शिकायतों का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनका प्रभावी निस्तारण कराना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, कानूनगो समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
