छेड़खानी के आरोपित युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस कर रही थी तलाश

*छेड़खानी के आरोपित युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस कर रही थी तलाश*

*************”************

*अरुण जायसवाल( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर (उत्तरी) मोहल्ला में शनिवार की देर रात छेड़खानी के आरोपित एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार यादव के खिलाफ करीब 10 दिन पहले एक किशोरी के साथ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में विजय और उसका साथी राहुल यादव फरार चल रहे थे। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

 

बताया जाता है कि फरारी के दौरान दोनों युवक वाजिदपुर (उत्तरी) मोहल्ला निवासी संजय यादव के यहां शरण लिए हुए थे। इसी दौरान शनिवार की रात विजय ने रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार भोर करीब 3:30 बजे उसका शव लटका देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

 

मौके पर पहुंची भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कुमार कोल ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

 

परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतक विजय कुमार यादव अपने माता चनौता देवी के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी करता था। उसके पिता स्वर्गीय राम सूरत यादव का करीब 10 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में दो बड़े भाई और दो बहनें हैं, जिनमें दोनों भाई रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *