*कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना हमारी प्राथमिकता: कुंवर अनुपम सिंह*
*मीडिया व आमजन के सहयोग से अपराध पर लगेगा अंकुश*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पत्रकारों एवं आम जनमानस का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। वह बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस का समुचित और प्रभावी उपयोग किया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि प्रबुद्ध वर्ग और जागरूक नागरिकों को भी आगे आना होगा। सामूहिक प्रयास से ही अपराधमुक्त समाज की स्थापना संभव है।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में एसपी ने बताया कि नगर स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान में दो पुलिसकर्मियों द्वारा चोरी किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मामले में संलिप्त दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को यदि कोई समस्या हो तो आधी रात में भी सूचना मिलने पर उसे गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।
