*प्रतापगढ़ डीएम – एसपी ने महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर बाबा बेलखरनाथ धाम का किया निरीक्षण* 

*प्रतापगढ़ डीएम – एसपी ने महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर बाबा बेलखरनाथ धाम का किया निरीक्षण* 

*महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों का जायजा लिया और पूजा-अर्चना भी की*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ में आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बेलखरनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और पर्व की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन जायजा लिया। डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम व सीसीटीवी कक्ष का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि वहां निरंतर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कैमरों के माध्यम से पूरे परिसर और आसपास की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके।उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इसके बाद अधिकारियों ने सई नदी घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई बनाए रखने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के उपरांत डीएम और एसपी ने मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जबकि पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि बाबा बेलखरनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *