जल निगम की फटी पाइप से फैल रही गंदगी, बीमारियों का खतरा, बाजारवासी परेशान

*जल निगम की फटी पाइप से फैल रही गंदगी, बीमारियों का खतरा, बाजारवासी परेशान*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ। क्षेत्र के रतासी चौराहे के बगल बटाऊ वीर रोड पर जल निगम की पाइप फटने से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। रिसता हुआ पानी पास के गड्ढे में जमा कचरे के अंबार में जा रहा है, जिससे आसपास भारी गंदगी फैल गई है। दुर्गंध और जलजमाव के कारण क्षेत्र में तरह-तरह की बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है।

 

इस समस्या से बाजार के दुकानदार और स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। गंदगी और बदबू के कारण दुकानदार अपनी दुकानों पर बैठने से कतरा रहे हैं, वहीं ग्राहक भी उधर से गुजरते समय नाक बंद कर निकलने को मजबूर हैं। इससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

 

स्थानीय निवासी इंद्रेश खरवार, संदीप मौर्य, रघुनाथ यादव, श्री रामपाल और विवेक जायसवाल ने संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र पाइप की मरम्मत और साफ-सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने जल निगम व प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का निदान कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *