जौनपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

*जौनपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई*

*अंतरराज्यीय शराब तस्कर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/ सिकरारा। अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ शनिवार को एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी। एसटीएफ की फील्ड इकाई प्रयागराज ने जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 435 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डीसीएम में भारी मात्रा में अवैध शराब पंजाब से बिहार और झारखंड ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मछलीशहर–जौनपुर हाईवे पर घेराबंदी कर डीसीएम को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 435 पेटियां बरामद हुईं।

 

पुलिस ने मौके से डीसीएम चालक पंकज पाल उर्फ टीटू, निवासी दीनदयाल नगर, सिविल लाइंस मुरादाबाद और उसके सहयोगी प्रिसं श्रीवास्तव उर्फ सिंटू, निवासी नई बस्ती हुकुलगंज, थाना लालपुर पांडेयपुर वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि कुरुक्षेत्र के थानेसर निवासी प्रवीन कुमार और चंडीगढ़ निवासी राजेंद्र सिंह इस अंतरराज्यीय शराब तस्कर गैंग के सरगना हैं। उनके निर्देश पर पंजाब और हरियाणा से शराब की खेप यूपी, बिहार, झारखंड सहित देश के कई राज्यों में सप्लाई की जाती थी।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिकरारा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *