प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना फेज-2

*प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना फेज-2:*

 

*जौनपुर में 1.63 लाख से अधिक लाभार्थियों का सर्वे पूरा*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल *

जौनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए चल रहे फेज-2 सर्वे अभियान में 14 जनवरी तक जिले में कुल 1 लाख 63 हजार 280 लाभार्थियों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। इनमें 93 हजार 897 लाभार्थियों का सर्वे विभागीय टीम द्वारा किया गया, जबकि 69 हजार 383 लोगों ने स्वयं एंड्रॉयड मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सर्वे अभियान में भाग लिया।

 

प्राप्त आवेदनों और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अब सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद पात्र लाभार्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा। इसके उपरांत पांच वर्षों के लिए पात्रों की सूची तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर वर्षवार आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित होगा।

 

योजना के तहत बेघर तथा छप्पर, झोपड़ी और कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के पहले चरण में लाभार्थियों के चयन में मनमानी और अनियमितताओं की कई शिकायतें सामने आई थीं, जिसके चलते अनेक पात्र लोगों को आवास का लाभ नहीं मिल सका था। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए फेज-2 में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

 

इस बार सर्वे प्रक्रिया में एआई तकनीक को शामिल किया गया है। साथ ही लोगों को स्वयं सर्वे करने का विकल्प भी दिया गया है, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति घर बैठे मोबाइल के जरिए आवेदन कर सकता है। इससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और मनमानी पर प्रभावी रोक लगेगी।

 

सर्वे के दौरान अधिकारियों द्वारा लाभार्थी के साथ मौके की फोटो पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। साथ ही आधार कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी भी अनिवार्य की गई है। इन व्यवस्थाओं के चलते लाभार्थियों के चयन में गड़बड़ी की आशंका न के बराबर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *