*फाइनल में ब्लैक टाइगर बंधवा को हराकर लखनेपुर बनी चैंपियन, टीम बनी लखपती*
*********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
मेढा/बदलापुर
सत्यनारायण मिश्र एवं विवेक सिंह टिकाऊ मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लखनेपुर और ब्लैक टाइगर बंधवा के बीच खेला गया, जिसमें लखनेपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लैक टाइगर बंधवा को करारी शिकस्त देकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
इससे पहले खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ब्लैक टाइगर बंधवा ने कोहड़े की टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनेपुर की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में राशिद की नाबाद 84 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत 163 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक टाइगर बंधवा की टीम 129 रन ही बना सकी।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखनेपुर के बल्लेबाज राशिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान की गई। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले सादिक सुल्तान को चंद्रहास शर्मा द्वारा मैन ऑफ द सीरीज के रूप में 11 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। विजेता टीम को टूर्नामेंट संरक्षक अखिलेश मिश्र के सुपुत्र एडवोकेट अंकित मिश्र द्वारा ट्रॉफी एवं एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता टीम को इनकम टैक्स कमिश्नर प्रदीप सिंह द्वारा ट्रॉफी एवं 60 हजार रुपये प्रदान किए गए।
मैच में सुजीत सिंह और विनय पंडित ने अंपायर की भूमिका निभाई। कमेंट्री शेषमैन यादव और सुभाष शर्मा ने की, जबकि वैभव कुमार एवं सचिन गुप्ता स्कोरर रहे। फाइनल मैच से पूर्व दोनों टीमों के कप्तानों के साथ ट्रॉफी को खुले थार वाहन में पूरे मैदान में घुमाया गया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि इनकम टैक्स कमिश्नर प्रदीप सिंह ने कहा कि खेल से तन और मन दोनों का विकास होता है, इसलिए सकारात्मक ऊर्जा के साथ खेलों को बढ़ावा देना चाहिए। कुंवर मृगेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीणांचल में इस तरह की प्रतियोगिताओं से छिपी प्रतिभाएं निखरकर सामने आती हैं। खेल राज्य मंत्री गिरीश यादव के अनुज सुनील यादव ने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार भी खेलों को प्रोत्साहित कर रही है और यह प्रतियोगिता पूरे पूर्वांचल में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
एडवोकेट अंकित मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य में इस प्रतियोगिता को और ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे और आयोजन समिति से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रधानाध्यापक श्रीप्रकाश मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के अध्यक्ष एवं हरेयां बस्ती के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मदन सिंह ‘बड़े बाबू’ ने औपचारिक रूप से प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

प्रतियोगिता के समापन के बाद पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संरक्षक अखिलेश मिश्र के आवास पर सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट अंकित मिश्र द्वारा समिति के सदस्यों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा जरूरतमंदों में कंबल वितरित किए गए।
इस अवसर पर विनय सिंह, शिवकुमार शर्मा, दिगम्बर मिश्र, उग्रसेन सिंह, अजय सिंह, राम उजागिर उपाध्याय, शिवपूजन मिश्र, संतोष दुबे, अरविंद उपाध्याय, सुनील सिंह, अरुण जायसवाल, अखिलेश चतुर्वेदी, सत्यदेव सिंह, राकेश तिवारी, दयाशंकर निषाद, एसपी सिंह, चंदन सिंह, संतलाल गुप्ता, महेंद्र सिंह, प्रधान भगवान प्रसाद यादव, मुन्नू यादव,दिनेश शर्मा, गौरव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
