हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे मंदिर, तुलापुर में सुहागिनों और कन्याओं ने किया शिव प्रतिमा का श्रृंगार

*सावन त्रयोदशी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़*

*हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे मंदिर, तुलापुर में सुहागिनों और कन्याओं ने किया शिव प्रतिमा का श्रृंगार*

*******************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। सावन त्रयोदशी के पावन अवसर पर मंगलवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और परिवार की मंगलकामना की।

सावन माह की त्रयोदशी को विशेष पुण्यदायी मानते हुए भक्तों ने भगवान शिव को भांग, धतूरा, बेलपत्र, दूध, दही, घी, शहद, अक्षत और गंगाजल अर्पित किया। सुहागिन महिलाओं और कुंवारी कन्याओं में विशेष उत्साह रहा। श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन सोमवार के बाद त्रयोदशी पर जलाभिषेक करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से व्रत का पारण किया।

तुलापुर गांव स्थित राम कुबेर सेठ द्वारा निर्मित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में सुहागिन महिलाओं और कन्याओं ने शिव प्रतिमा का विधिवत श्रृंगार किया। फूलों और पूजन सामग्री से सजे बाबा नर्वदेश्वर के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। वहीं, फिरोजपुर स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर और सिगरामऊ राजघराने की ठाकुरबाड़ी स्थित गौरीशंकर मंदिर में भी सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

नर्वदेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी मुकेश मिश्रा और अन्य मंदिरों के पुजारियों ने बताया कि त्रयोदशी का भोग मंगलवार सुबह तक होने के कारण जलाभिषेक और पूजन का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा भोलेनाथ का पूजन कर आशीर्वाद मांगा।

शिवालयों में गूंजते मंत्रोच्चार, घंटियों की ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!