*दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, कंटेनर से टकराया एयर इंडिया का विमान*
सुशील कुमार शुक्ला
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार (15 जनवरी 2026) को एयर इंडिया की न्यूयॉर्क जाने वाली A350 फ्लाइट दिल्ली से रवाना हुई थी, लेकिन ईरान के हवाई क्षेत्र के अचानक बंद होने के कारण उसे कुछ ही देर बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। एयर इंडिया के अनुसार सुरक्षित लैंडिंग के बाद जब विमान घने कोहरे में रनवे पर टैक्सी कर रहा था उसी दौरान एक ग्राउंड कंटेनर उसके दाहिने इंजन के पास आ गया और टकरा गया। इस घटना के बाद विमान को तुरंत निर्धारित पार्किंग स्टैंड पर ले जाया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘यह एक विदेशी वस्तु से टकराने का मामला है जिसकी पूरी तकनीकी जांच की जा रही है। विमान के दाहिने इंजन को नुकसान पहुंचा है। एहतियात के तौर पर विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है ताकि जरूरी निरीक्षण और मरम्मत की जा सके। इस कारण कुछ A350 रूट की उड़ानों पर असर पड़ सकता है।’
