सड़क हादसे में एक की मौत, दो घाय

*सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल*

*********************

*संवाद :माता चरण पांडे*

मछलीशहर।

कोतवाली क्षेत्र के सराय इस्माइल गांव निवासी एक युवक की गुरुवार को जौनपुर–रायबरेली हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय इस्माइल गांव निवासी अजय राव (27) पुत्र नन्हे प्रसाद अपने दो साथियों मड़ियाहूं निवासी जितेंद्र गौतम (27) और आकाश यादव (24) के साथ देर रात बाइक से घर लौट रहा था। जौनपुर–रायबरेली हाईवे पर बड़े पावर हाउस के सामने घने कोहरे और गलन के कारण बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रेलिंग टेढ़ी हो गई।

 

हादसे में अजय राव के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसके दोनों साथी भी बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अजय राव की मौत हो गई, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

इस संबंध में मछलीशहर कोतवाली प्रभारी विनीत राय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दोनों घायल जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *