*बदलापुर कोतवाली पुलिस ने स्वाधीन सिंह हत्याकांड का किया खुलासा*
*तीन आरोपी गिरफ्तार*
*********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बबुरा ग्राम पंचायत में 30 दिसंबर 2025 को हुई स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
उक्त घटना के संबंध में थाना बदलापुर में मु0अ0सं0 528/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जौनपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीमों ने धरातलीय सूचनाओं, तकनीकी विश्लेषण तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गहन विवेचना की।
विवेचना के दौरान आलोक मिश्रा, कृष्णा सिंह एवं रत्नेश गौतम की संलिप्तता प्रकाश में आई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वन पार्क बहरा–सिगरामऊ रोड से तीनों अभियुक्तों को दोपहर लगभग 12:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय अभियुक्त आलोक मिश्रा के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि पुरानी रंजिश, धमकी और आपसी विवाद के चलते उन्होंने हत्या की साजिश रची थी। योजनाबद्ध तरीके से मृतक से दोस्ती बढ़ाकर उसे बहाने से यादव बस्ती की ओर ले जाया गया, जहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 62 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं अभियुक्तों की भूमिका को लेकर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया भी निरंतर चल रही है।
पुलिस टीम की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
