बंद कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी, मामला संदिग्ध

*बंद कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी, मामला संदिग्ध*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

शाहगंज (जौनपुर)। कोतवाली थाना क्षेत्र के उसरा भादी गांव में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे के भीतर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता की शादी करीब 10 माह पूर्व ही हुई थी।

 

जानकारी के अनुसार गांव निवासी संजीव कुमार की पत्नी मनीता उर्फ पूनम गुरुवार रात कमरे में गईं और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर सास सुनीता ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर किसी तरह दरवाजा खोला गया तो वह फंदे से लटकी मिलीं।

 

परिजनों ने तत्काल जेठ उमेश कुमार की मदद से फंदा काटकर उन्हें उपचार के लिए नगर के एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना पुलिस और मायके पक्ष को दी गई। मृतका का मायका सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर गांव में है। शुक्रवार सुबह मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

कोतवाली प्रभारी किरन कुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *