*पति से नाराज पत्नी,फंदे से लटक कर दे दी जान*
प्रेम शर्मा
जौनपुर: खेतासराय क्षेत्र के मानीकलां गांव में बुधवार की रात प्रेम विवाह के पांच माह बाद युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह शव दिखाई पड़ते ही सनसनी फैल गई।चर्चा है कि पति के साथ लेकर लखनऊ न रहने से क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव निवासी महेश्वर प्रसाद ने गत 10 जून को 23 वर्षीय काजल से प्रेम विवाह किया था। महेश्वर लखनऊ में रहकर ओला कैब चलाता है। काजल अक्सर महेश्वर पर लखनऊ साथ लेकर रहने को कहती थी। महेश्वर इन्कार कर देता था।
घर पर अकेली रहने वाली काजल तनावग्रस्त रहा करती थी। गुरुवार की सुबह काजल काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकली तो घर के बगल में रहने वाली उसकी मौसी की पुत्री जगाने गई। दरवाजा भीतर से बंद मिलने पर खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका से उसने शोर मचाया। जानकारी होने के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए। दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे में काजल का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था| पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रक्रिया पूरी की।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का है। छानबीन में पता चला कि नवविवाहिता काजल गांव में नहीं बल्कि पति के साथ लखनऊ रहना चाहती थी। संभवत: इसी बात को लेकर पति से अनबन होने पर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
