जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ : शातिर हिस्ट्रीशीटर रुस्तम घायल, गिरफ्तार

*जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ : शातिर हिस्ट्रीशीटर रुस्तम घायल, गिरफ्तार*

 

*फायरिंग के दौरान एक बदमाश फरार, तमंचा और बाइक बरामद*

**********************

अरूण कुमार जायसवाल

जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

जानकारी के अनुसार बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव एवं रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अपनी संयुक्त पुलिस टीम के साथ परियत तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आलमगंज की ओर से आ रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महमूदपुर बैरी पट्टी तिराहे के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। देर रात जैसे ही संदिग्ध बाइक वहां पहुंची, पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।

 

मुठभेड़ के दौरान बाइक चला रहा एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रुस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर, थाना गौराबादशाहपुर के रूप में हुई।

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर का एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

 

पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त रुस्तम एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

 

घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!