हैदरपुर में बवाल: सुई लगने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत

*हैदरपुर में बवाल: सुई लगने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत*

 

*आक्रोशित ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर संचालक का घर जलाया*

*********************

*संबाद: माता चरण पांडे*

तेजीबाजार (जौनपुर)।

तेजीबाजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर बाजार में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा सुई लगाए जाने के बाद 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ करते हुए संचालक के घर में आग लगा दी।

फाइल फोटो :मृतक युग यादव

जानकारी के अनुसार, हैदरपुर गांव निवासी शिवपूजन यादव का पुत्र युग यादव (8 वर्ष) गुरुवार शाम करीब छह बजे पेट दर्द की शिकायत पर देवी मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गया था। परिजनों का आरोप है कि स्टोर संचालक ने बच्चे को सुई लगाई, जिसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर बक्शा-तेजीबाजार-लोहिंदा मार्ग पर जाम लगा दिया। इसी दौरान भीड़ ने मेडिकल स्टोर में घुसकर तोड़फोड़ की और संचालक के घर के पीछे खड़ी कार और बाइक में आग लगा दी। बाद में गुस्से में भीड़ ने घर में भी आग लगा दी।

 

सूचना पाकर थानाध्यक्ष तेजीबाजार मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। स्थिति बिगड़ती देख बक्शा, बदलापुर, सिकरारा समेत चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। सीओ सदर परमानंद कुशवाहा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!