हिस्ट्रीशीटर ने डॉक्टर पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे, गांव में दहशत का माहौल

*हिस्ट्रीशीटर ने डॉक्टर पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे, गांव में दहशत का माहौल*

*********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव में बुधवार दोपहर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने गांव के ही डॉक्टर पर गोली चला दी। घटना में डॉक्टर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके पेट को छूती हुई गोली निकल गई। घायल डॉक्टर को इलाज के लिए सीएचसी मछलीशहर में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, मोलनापुर निवासी 53 वर्षीय डॉ. राज सिंह चौहान गोधना बाजार में क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार को दोपहर करीब 12:15 बजे वह बाइक से घर भोजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही थाने के हिस्ट्रीशीटर करन चौहान ने पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश में जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली डॉक्टर के पेट को छूते हुए निकल गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन की। मौके से पुलिस को एक खोखा बरामद हुआ।

 

घायल डॉक्टर को तत्काल सीएचसी मछलीशहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल ने बताया कि आरोपी करन सिंह चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध 14 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह अक्सर भदोही और प्रयागराज में रहता है। पुलिस टीमों को उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *