जौनपुर में बोर्ड परीक्षा 2025-26 की तैयारियां पूरी

*जौनपुर में बोर्ड परीक्षा 2025-26 की तैयारियां पूरी*

 

*206 केंद्रों पर होंगे इम्तिहान*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए अंतिम परीक्षा केंद्र सूची जारी कर दी है। जिले में इस वर्ष कुल 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 24 फरवरी से 12 मार्च तक बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।

 

इस वर्ष जनपद जौनपुर से कुल 1 लाख 51 हजार 701 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 76,918 तथा इंटरमीडिएट के 74,783 छात्र पंजीकृत हैं।

 

परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन किया गया है। बोर्ड की मंशा के अनुरूप सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं, ताकि परीक्षाएं शुचितापूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सकें।

 

बोर्ड परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।

 

अंतिम सूची जारी होने के बाद परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की सक्रियता तेज हो गई है। जिन केंद्रों पर तैयारियां अधूरी थीं, उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही, प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर भी गतिविधियां बढ़ गई हैं और छात्रों को समय से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

 

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 12 परीक्षा केंद्र कम किए गए हैं। इसके साथ ही, परीक्षार्थियों की संख्या में भी लगभग पांच हजार की कमी दर्ज की गई है। शिक्षा विभाग ने समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से परीक्षाएं संपन्न कराने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!