*एक करोड़36 लाख मिला बजट,सुधारी जाएंगी चौदह सड़कें*
प्रेम शर्मा

जौनपुर ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों के दिन अब बहुत जल्द सुधरेंगे। पूर्वांचल विकास निधि जिलांश योजना के तहत मल्हनी विधानसभा की चौदह सड़के सुधारी जाएंगी। इसके लिए शासन की ओर एक करोड़ 36 लाख 90 हजार का बजट जारी कर दिया गया।इन सड़कों का निर्माण होने से करीब 30 हजार से अधिक लोगों की राह आसान हो जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हैं जिस पर पैदल चलने पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सड़कों पर पानी व कीचड़ होने से समस्या और बढ़ जाती है। बीते माह मल्हनी विधायक लकी यादव की ओर से चौदह सड़कों को चिह्नित कर शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया था। जिसकी स्वीकृति मिल गई है। शासन की ओर से कुल एक करोड़ 36 लाख 90 हजार रुपये जारी कर दिया गया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सुधरेंगी ये सड़कें -विकास खंड सिरकोनी में शिवापार में पक्की सड़क से मोहन गौतम के घर तक इंटरलाकिंग, विकास खंड बक्शा में बरचौली गांव में रामचंद्र सरोज के घर से इंटरलाकिंग सड़क तक, बर्जी गांव में पुत्रवासी सरोज के घर से महेंद्र सरोज के घर तक, जौनपुर सुल्तानपुर रोड से मुरादगंज श्यामलली पाल के घर तक, विकास खंड सिकरारा के भरसावां पक्की सड़क से अशोक यादव के घर के आगे तक, पांडेयपुर नन्हे सरोज के पाही से पश्चिम हरिजन बस्ती तक, हसनपुर शर्मा बस्ती से हरिजन बस्ती तक, विकास खंड करंजाकला के रामपुर दवन सिंह वासुदेव यादव के घर से रामबली के घर होते हुए नन्हे गौतम के घर तक समेत अन्य गांवों में इंटरलाकिंग का निर्माण कराया जाएगा।
मल्हनी विधानसभा की चौदह सड़कें सुधारी जाएंगी। इसके लिए शासन की ओर से एक करोड़ 36 लाख 90 हजार जारी कर दिया गया है। धनराशि को कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को भेज दिया गया है, जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।
डॉ.अरुण कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी।