*‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा कोइरीपुर, भव्य कांवड़ शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब*
संवाददाता दधीच विश्वकर्मा
*डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरके शिवभक्त, हर-हर महादेव के जयकारों से शिवमय हुआ नगर; सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद*
कोइरीपुर (सुलतानपुर)। नगर पंचायत कोइरीपुर में शुक्रवार को भगवान शिव की भव्य कांवड़ एवं शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय गीतों के बीच निकली शोभायात्रा में सैकड़ों शिवभक्तों ने भाग लिया। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नगर शिवमय नजर आया। कांवड़िए और श्रद्धालु भगवान शिव की झांकी के साथ नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा में महिलाएं, युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई।
नगर पंचायत कोइरीपुर के मनोनीत सभासद लालमन अग्रहरी ने कांवड़ संघ के सदस्यों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए प्रसाद वितरित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के माथे पर कुमकुम का तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
कांवड़ एवं शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चौकी प्रभारी रजत पांडेय और दीवान राम सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे यात्रा मार्ग पर मुस्तैद रही। पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था के साथ ही कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
वाराणसी के रास्ते बाबा बैद्यनाथ धाम रवाना हुए कांवड़िए
कांवड़ यात्रा नगर पंचायत कोइरीपुर से प्रारंभ होकर कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मार्ग से वाराणसी के लिए रवाना हुई। इसके बाद कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा में प्रवेश (छोटू) अग्रहरी, छोटू चौरसिया, अविनाश मुक्की अग्रहरी, शिवम अग्रहरी, चिंटू, आदित्य बरनवाल, सत्यम अग्रहरी, शुभम गुप्ता, गुरुदीन विश्वकर्मा, सुनील, सत्यम शर्मा (कोइरीपुर), रामनगर के प्रशांत सोनी, प्रवेश अग्रहरी और शुभम कौशल समेत कांवड़ संघ के अनेक सदस्य एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
