*पुलिस को चकमा देकर दूल्हा हत्याकांड आरोपी प्रदीप बिंद कोर्ट में किया सरेंडर*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर: जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने पुलिस के हत्थे चढ़ने से पहले न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के सरेंडर की खबर मिलते ही मृतक दूल्हे आजाद बिंद के परिजनों में एक बार फिर मायूसी छा गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करेगी, लेकिन उसके अदालत में आत्मसमर्पण कर देने से उन्हें निराशा हुई है।
उल्लेखनीय है कि 1 मई 2026 को खेतासराय थाना क्षेत्र के मानेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था और शादी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद लगातार फरार रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।
आखिरकार प्रदीप बिंद ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अब इस बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई न्यायालय में आगे बढ़ेगी। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।
