ऑपरेशन वज्रपात के तहत अवैध तमंचे के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

*ऑपरेशन वज्रपात के तहत अवैध तमंचे के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार*

*संवाद :शिव पूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ/जौनपुर, 22 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में आज दिनांक 22 जून 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, कांस्टेबल रजत पाण्डेय एवं कांस्टेबल सतीश कसौधन के साथ रजनीपुर क्रासिंग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया गया।

 

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम बच्चू पुत्र कमाल, निवासी ग्राम सिहौली (कोइरीपुर), थाना चांदा, जनपद सुल्तानपुर, उम्र लगभग 35 वर्ष बताया। उसकी जामा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर बरामद हुआ।

 

कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने बताया कि उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ में धारा 307 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है। उसी मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा है तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। अभियुक्त ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ समय-समय पर रिश्तेदारों के यहां ठहरता रहता है। वर्तमान में वह अपने साले मोहम्मद इजहार के यहां कंकाली बस्ती, ग्राम सिंहावल में आया हुआ था।

 

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 88/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *