बीएससी परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, गांव में शोक की लहर

*बीएससी परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, गांव में शोक की लहर*

********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बीएससी के एक छात्र की मौत हो गई। छात्र परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र के मंगरी गांव निवासी 24 वर्षीय आदर्श उपाध्याय, पुत्र आनंद उपाध्याय, हंडिया में बीएससी की परीक्षा देकर अपनी पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में आदर्श के सिर में गंभीर चोटें आईं।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

बताया जाता है कि मृतक आदर्श उपाध्याय अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता आनंद उपाध्याय गांव के कोटेदार हैं। परिवार में उनकी एक बहन भी है। बेटे की असामयिक मृत्यु से माता-पिता गहरे सदमे में हैं।

 

इस हृदयविदारक घटना के बाद मंगरी गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!