*केराकत में पाइपलाइन कार्य के दौरान हादसा, मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत*
********************
*अरुण कुमार (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवकली बाजार स्थित चौकिया शिवालय के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पाइपलाइन कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी, जिससे गड्ढे में काम कर रहे दोनों मजदूर मलबे में दब गए।
मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रिंस कुमार (20) और निरंजन कुमार महतो (32) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गड्ढा काफी गहरा था और मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया घटना मिट्टी धंसने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। आगे की जांच की जा रही है।
