*अपर पुलिस महानिदेशक ने किया थानों का वार्षिक निरीक्षण*
*जनसुनवाई व रिस्पांस टाइम सुधारने के निर्देश*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
वाराणसी। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन ने शनिवार को पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय, जफराबाद एवं सरायख्वाजा थानों का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार रखने तथा छोटी से छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के आवास, मालखाना, कार्यालय, बैरक और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया गया। थाना सरायख्वाजा में थाना प्रभारी कार्यालय के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया तथा नव निर्मित कान्हा उपवन पार्क का उद्घाटन भी किया गया। वहीं, ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें टॉर्च, छाता, साफा और मिष्ठान वितरित किया गया तथा थाना परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
थाना जफराबाद में भी ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान सीसीटीएनएस डेस्क, भोजनालय और मालखाने की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जनसुनवाई रजिस्टर की जांच करते हुए एडीजी ने निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। मालखाने में रखे सामानों के नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने पीआरवी वाहनों के रिस्पांस टाइम को और कम करने पर जोर देते हुए कहा कि आपात स्थिति में जनता को त्वरित सहायता मिलनी चाहिए। साथ ही जानकारी दी कि आगामी 20 अप्रैल तक थानों में नए रंगरूटों की तैनाती हो जाएगी, जिससे पुलिस बल की संख्या में वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह, एएसपी आयुष श्रीवास्तव, आतिश कुमार सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
