*गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ बारिश, कहीं-कहीं गिरे ओले; किसानों की बढ़ी चिंता*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। क्षेत्र व आसपास के इलाकों में बीती रात अचानक मौसम ने करवट ली। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
किसानों के अनुसार शाम से ही बादलों की तेज आवाजाही और बिजली चमकने लगी थी। जमऊपट्टी निवासी राम लोट शर्मा ने बताया कि तेज गर्जना के कारण किसान पूरी रात चिंतित रहे। वहीं हरसिंह पट्टी के ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि गेहूं की पकी फसल खेतों में खड़ी है, ऐसे में बदलता मौसम नुकसान का खतरा बढ़ा रहा है।
इधर, कृषि विभाग बदलापुर ने प्रभावित किसानों को राहत के लिए आगे आने की अपील की है। विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दे सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, व्हाट्सएप नंबर 7065514447 और आधिकारिक पोर्टल pmfby.gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
विभाग का कहना है कि समय पर सूचना देने से किसानों को राहत दिलाने की प्रक्रिया तेज होगी।
