*प्रतापगढ़ः बृजेश यादव का अंतिम संस्कार सम्पन्न, कार्रवाई के आश्वासन पर माने परिजन*
*आसपुर देवसरा के पूर्व ब्लाक प्रमुख पति सभापति यादव की पहल पर माने परिजन*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़, आसपुर देवसरा। दयालगंज बाजार में बीज भंडार संचालक ओमप्रकाश पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ तब आया जब उसी घटना में नहर के पास घायल अवस्था में मिले बृजेश यादव की भी इलाज के दौरान प्रयागराज में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को उनका शव घर पहुंचा, जहां परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश था। उनका कहना था कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होने तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति सभापति यादव ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को प्रार्थना पत्र मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की। काफी देर तक चली बातचीत और प्रशासनिक कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। इसके बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1 बजे इब्राहिमपुर घाट पर बृजेश यादव के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में परिजनों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि इसी मामले में बीज विक्रेता ओमप्रकाश पटेल का अंतिम संस्कार एक दिन पूर्व इब्राहिमपुर घाट पर किया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया है और परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
