तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए गांव के ही हिस्ट्रीशीटर युवक की गोली मारकर हत्या

*तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए गांव के ही हिस्ट्रीशीटर युवक की गोली मारकर हत्या*

*वारदात से पूरे क्षेत्र में फैली सनसनी*
*********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर (जौनपुर)।
कोतवाली क्षेत्र के बबुरा गांव में मंगलवार की रात तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए गांव के ही हिस्ट्रीशीटर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।

मृतक की पहचान गांव निवासी 24 वर्षीय स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि स्वाधीन अपने बड़े भाई सानिध्य उर्फ लकी के साथ गांव के ही बृजभान तिवारी के घर तेरहवीं का निमंत्रण खाने गया था। इसी दौरान किसी का फोन आने पर वह गांव की दक्षिणी सीमा पर स्थित तालाब के पास चला गया। वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसकी दाहिनी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी।

साथ गए युवक ने दौड़कर घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वाधीन को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सुनील चंद तिवारी, स्वाट टीम और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन के साथ जांच शुरू की। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक स्वाधीन सिंह के खिलाफ कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उल्लेखनीय है कि उसके पिता विजय कुमार सिंह उर्फ बिज्जू की भी 26 जून 2004 को शाहगंज रोड पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस का कहना है कि स्वजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हत्या के कारणों और हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *